Tuesday, March 24, 2020

शी स्‍त्री की देह के मनोविज्ञान को तो कह लेती है, सिनेमाई मनोरंजन में चूक जाती है...



इम्तियाज अली की डेब्यू वेब सीरिज 'शी' को ड्रग्स नेक्सस पर बनी फिल्म समझना उसके साथ ज्यातीय होगी। शी स्‍त्री देह के मनोविज्ञान को कहने की सिनेमाई कोशिश है। देह को लेकर स्‍त्री की न्यूनताएं, उसकी कुंठाएं, दूसरी देह से चलने वाली उसकी अनवरत तुलनाएं, निगाहों में तवज्जों पाने की छटपटाहट और पुरुष के नजरिए से स्‍त्री द्वारा खुद को देखे जाने जैसी बातों को यह फिल्म एक कहानी के जरिए गढ़ने की कोशिश करती है। शी की कमजोरी यह है कि जिस कहानी के जरिए इन चीजों को कहने के लिए चुना गया है वह कहानी उतनी मजबूत और कन्वेनसिंग नहीं लगती जितनी कि उसे होना चाहिए था। इसलिए ग्रांड टोटल में यह फिल्म कमजोर पड़ जाती है। 

 शी को इम्तियाज अली ने क्रिएट किया है। यानी उसे सोचने और लिखने का जिम्मा उनका है। इसे निर्देशित आरिफ अली और अविनाश दास ने मिलकर किया। आरिफ, इम्तियाज के छोटे भाई हैं और 'लेकर हम दीवाना दिल' फिल्म को निर्देशित कर चुके हैं। अविनाश से आप 'अनारकली' के मार्फत परिचित हैं। इन दोनों निर्देशकों की काम को लेकर अपनी कोई वाहिद पहचान नहीं बन पाई है। इसलिए यह क्लासीफाइड कर पाना मुश्किल होता है कि किन दृश्यों में किसका कंट्रीब्यूशन है, लेकिन फिल्म का ओवरऑल टोन यह साबित करता है कि यह दर्शन को समझने वाले इम्तियाज का सिनेमा है। 

 फिल्म मुख्यतः दो ट्रैक पर चल रही होती है। पहला ट्रैक मुंबई पुलिस के द्वारा ड्रग कारोबार की चेन को खत्म करने की कहानी है। दूसरी कहानी मुंबई पुलिस की कॉन्सटेबल भूमिका परदेसी की है। भूमिका उर्फ भूमि ही इन दोनों कहानी में ब्रिज तरह काम करती हैं। चूंकि हम इम्तियाज अली की कहानी कहने के अंदाज से जरुरत भर का परिचित हैं इसलिए यह देखकर समझ आ जाता है कि उनका फोकस दरअसल भूमि को एक कॉन्सटेबल नहीं बल्कि उसके स्‍त्री को दिखाने की प्रक्रिया में है। उसका पति उससे इसलिए अलग हो जाता है क्योंकि वह बिस्तर पर 'ठंडी' है। उसकी छोटी बहन उसी तुलना में 'गर्म' है। गर्म और ठंडे होने की यह जिक्र फिल्म में दसियों बार आते हैं। भूमि का पति अपनी साली के साथ एक बार सोना चाहता है। इसके बदले वह उसके लिए कुछ भी कर सकता है। भूमि के साथी पुलिस वाले भी उसे लड़की नहीं मानते। वह उनके सामने वैसी ही‌ द्विअर्थी बातें करते हैं जैसा मर्द मर्द के सामने ही करते हैं या कर सकते हैं। 


नारकोटिक्स डिपार्टमेंट का एक अफसर भूमि में 'कुछ' देखता है। उसी 'कुछ' की वजह से वह उसे एक ड्रग पैडलर सस्या के सामने कॉल गर्ल बनाकर पेश करता है। वह पकड़ा जाता है। इसके बाद भूमि की जिंदगी में एक स्‍त्री के रुप में बदलाव आते हैं। वह आगे भी कॉलगर्ल के रुप में मुखबिरी करती है। शी फिल्म को देखने का इम्तियाज अली का जो तरीका है उसे ही पकड़कर आप भी चलेंगे तो आपको यह फिल्म सही दिशा में लेकर जाएगी। 

हनीट्रैप के एक सीन में जब भूमि, सस्या के जिस्म से चिपकी होती है उस समय उसके शरीर में एक हलचल होती है। पता नहीं क्या होता है कि कुछ मिनटों पहले सस्या की बाहों से निकलने के लिए छटपटा रही भूमि उसके शरीर के खास हिस्से से अपने जिस्म को रगड़ने लगती है। एक अनचाहा संबंध, कुछ सेंकेड के लिए सही सेक्स प्राप्ति का एक जरिया बनकर आता है। चंद सेकेंड का यह सीन दरअसल पूरी फिल्म की आत्मा है। एक स्‍त्री की सेंसुअल फैटेंसी को सिनेमा में इसके पहले इस तरह से नहीं कहा गया। कम से कम मेरे देखे गए हिंदी सिनेमा में नहीं। 

 राजेंद्र यादव के एक लघु उपन्यास मंत्रवुद्वि की नायिका निम्मी को जब रात के अंधेरे में किसी दूसरे के धोखे में चूम लिया जाता है, तो उस चूमे जाने की प्रतिक्रिया में एकसाथ उतपन्न हुए सुख और ग्लानि को राजेंद्र बहुत खूबसूरती से बयां करते हैं। औसत से नीचे चेहरे मोहरे और कद काठी वाली निम्मी को चूमा जाना उसके लिए कभी ना पूरी होने वाली सेक्स फैटेंसी था। वह नहीं चाहती है कि चूमने वाले यह बात जान पाए कि स्याह रात में चूमे गए वह खुरदरे ओंठ निम्‍मी के थे। अपने शरीर की न्यूनताओं को लेकर यही अपराध बोध बहुत देर तक भूमि का पीछा करते रहते हैं।  

सस्या द्वारा लगातार भूमि को ‌लगातार दिए जाने वाले कॉम्लीमेंट उसके अंदर एक अजीब से पर्सनाल्टी पैदा करते हैं। शी के वह सीन गौर से देखने वाले हैं जब भूमि रेस्टोरेंट के वेटर, होटल के रिसेप्‍शन में बैठे लड़के से यह पूछने का प्रयास करती है कि वह उसे सेक्सुअली कितनी अच्छी लग रही है। ढीली नाईटी को आईने के सामने खड़े होकर वक्षों के सामने कस लेना और उस कसावट की खुशी को महसूस करने की प्रक्रिया को दिखाना शी की कई सफलताओं में से एक है। इस सीरिज के आखिरी ऐपीसोड के आखिरी लम्हों में जब बिस्तर पर ठंडी साबित की गई भूमि ड्रग माफिया नायक को उलटकर खुद उसके ऊपर आकर सेक्स का कंट्रोल अपने हाथों में लेती है तो कमरे का आदमकद आईना उसे बड़े दिलचस्प नजरिये से दिखाता है। 

सेक्स फैटैंसी के इन मनोवैज्ञानिक बदलावों के अलावा शी के पास कहने के लिए कुछ नहीं है। मुंबई के ड्रग वर्ल्ड को इतनी बार इतने अलग-अलग तरीके से दिखाया जा चुका है कि अब उसमें कुछ बचा ही नहीं। यदि कुछ बचा भी हो तो भी दर्शकों की दिलचस्पी नहीं बची है। शी देखने वालों की दिलचस्पी इस बात में बन ही नहीं पाती कि वह इस बात का इंतजार करें कि ड्रग माफिया नायक पकड़ा जाता है या नहीं? ना ही इस बात में उन्हें कोई रस आता है कि नायक और सस्या के बीच दरअसल संबंध कैसे थें। फिल्म सिर्फ भूमि के जिस्म को लेकर बदलावों में दिलचस्पी जगा पाती है। 

इसमें दिक्कत यह भी है कि यदि आप भूमि के जिस्म के मनोविज्ञान को ठहरकर नहीं सोचेंगे तो यह आपको अश्लील भी लग सकता है। रिश्तों का ताना-बाना बचकाना। यदि यह फिल्म यदि असफल होती है तो बहुत संभावना है कि इसे अनैतिक और अश्लील भी साबित कर दिया जाए। फिल्म में अभिनय का पहलू मजबूत है। सबसे बेहतरीन अभियन भूमि का किरदार निभाने वाली अदित‌ि पोहनकर ने किया है। एक थकी हुई बोरिंग लड़की से लेकर ड्रम माफिया को एक खुली और नंगी डील ऑफर करने की इस पूरी यात्रा को अदिति ने खूबसूरती से निर्वाह किया है। सस्या के रोल में विजय वर्मा कमाल लगते हैं। साथ ही कमाल लगता है कि उनका हैदराबादी जुबान का लहजा। अभिनय में सबसे कमजोर कड़ी नारकोटिक्स डिपार्टमेंट के अफसर की भूमिका निभाने वाले विश्वास किनी है। विश्वास को हम शार्ट फिल्‍म जूती के अलावा वीरे द वीडिंग में सोनम कपूर से फ्लर्ट करते एक गंवार आशिक के रुप में याद कर सकते हैं। 

शी फिल्म को देखा जाना चाहिए। लेकिन इसे यदि एक थ्रिलर वेब सीरिज की तरह देखेंगे तो निराश हाथ लगेगी। यदि स्‍त्री के शारीरिक मनोविज्ञान के नजरिए से आंकेंगे तो यकीनन यह फिल्म बुरी नहीं लगेगी। मैं इसे इम्तियाज का अच्छा काम मानूंगा। भले ही इस बार उनका जॉनर बदल गया हो लेकिन दर्शन के मामले में वह वैसे ही मजबूत हैं...

Sunday, March 15, 2020

अंग्रेजी मीडियम 'कुंए के मेढक' जैसे पिता से भी आपको प्यार करना सिखाती है...




किसी पिता का अपनी संतान से उसके 'एलीट क्लास' में चले जाने के बाद उससे छिटककर धीमे-धीमे दूर होते जाते देखा है? या देखा है ऐसी संतानों को जो गांव-कूंचे से आए अपने मां-बाप को 'अपनी दुनिया' में इंट्रोड्यूस कराने में झिझकते हैं। झिझकते हैं उनके आउटडेटेड सस्ते पहनावे, खांसने, छींकने, डकार लेने की उनकी आवाजों से। यदि देखा है आपने उस डर को जब पिता के गंदे, फटी ऐड़ियों वाले पैर के तलवे से बेटे को हर वक्त अपने मुलायम सोफा के कुशन के खराब हो जाने का डर बना रहता है। डर यह भी बना रहता है कि पिता कब‌ किसके सामने ऐसी बात बोल दें जो उन्हें नहीं बोलनी चाहिए थी। यदि आपने ये जीवन देखे हैं तो अंग्रेजी मीडियम देखते वक्त आपके दिमाग में ऐसी कई फिल्में इस फिल्म के पैरलल चलनी शुरू हो जाती हैं। हो सकता है कि आपके दिमाग में चल रही फिल्मों के किरदार इस फिल्म से ज्यादा सजीव हों। 

हिंदी मीडियम से उलट अंग्रेजी मीडियम फिल्म पढ़ाई के तौर-तरीकों, उसके माध्यम या उसके पूंजीवादी हो जाने पर बात नहीं करना चाहती। हिंदी-अंग्रेजी को बोलने या ना बोल पाने वाला विषय भी यहां बस छूकर ही निकला है। यह फिल्म एक संतान और पिता की कहानी है। परिवेश और उदाहरण बदल जाने के बाद संतान के द्वारा पिता की सीमाओं को देखने की कहानी है। एक पिता की विवशताओं की कहानी है। उसकी विवशता यह है कि वह लंदन आकर भी उदयपुर जैसे छोटे शहर का बना रहता है। पिता का ना बदलना एक संतान के लिए शर्मदिंगी का विषय हो सकता है अंग्रेजी मीडियम इसे जज्बाती होकर नहीं कॉमिक तरीके से कहने की कोशिश का नाम है। 

 हम सभी उम्र के एक पड़ाव से जरुर गुजरते हैं जब अब तक सबसे स्मार्ट और समझदार लगने वाले इंसान के रुप में हमारे पिता बौने और संकीर्ण लगने लगते हैं। फिल्म एक सीन में तारिका बंसल का किरदार निभा रही राधिका मदान चंपक उर्फ इरफान से कहती हैं "ना पापा आपने दुनिया नहीं देखी है। आपने सिर्फ उदयपुर देखा है। मैं दुनिया को देखना चाहती हूं" इस वाक्य के बोले जाने के ठीक पहले इरफान उन्हें दुनिया देखने और पिता होने का हवाला दे रहे होते हैं। इस  सीन के साथ आपको दंगल फिल्म का वह सीन याद आ सकता है जब अपने नेशनल कोच से ट्रेनिंग लेकर लौटी बेटी अपने पिता को दंगल में सबके सामने अपने आधुनिक तरकीबों से चित कर देती है। शरीर पर पुती मिट्टी से गहरी मिट्टी उस पिता के सीने में जा समाई होती है जिसने अपनी बच्ची को उनके होश संभालने से लेकर अब तक कुश्ती सिखाई होती है। अंग्रेजी मीडियम में यह सीन उतने पैने तरीके से नहीं कहा गया लेकिन समस्या वही थी। 


अंग्रेजी मीडियम की बेटी, बाप को चैलेंज नहीं कर रही है। वह सिर्फ अभी अभी देखी दुनिया को अपने ढंग से ‌बिना पिता की दखल के देखना चाहती हैं। वह उस रिति रिवाज को निभाना चाहती है जो उसे अभी बहुत प्रभावित कर रहे हैं।अंग्रेजी मीडियम की यह ताकत और खूबसूरती है कि अपने पिता को कुएं का मेढक कह देने के बाद भी फिल्म उस लड़की को खलनायिका के तौर पर पेश नहीं करती। फिल्म उस लड़की के सहज बदलावों के साथ खड़ी दिखती है और यह मानती है कि यह 'टेम्परेरी' है।  साथ ही पिता के किरदार को और मेच्योर बनाते हुए उससे कुछ दार्शनिक बातें भी कहलवाती है। 

फिल्म के अंतिम सीन में इरफान खुद से मोनोलॉग करते हुए कहते हैं कि "एक उम्र आती हैं जब अभी तक ऊंगली पकड़कर चल रहे बच्चे हाथ छुड़ाने लगते हैं। हमें बुरा तो लगता है लेकिन यदि वह हाथ नहीं छुड़ाएंगे तो गले कैसे मिलेंगे"। यह एक वाक्य निर्देशक के दृष्टिकोण को जस्टीफाई करने की कोशिश करता है। जहां यह फिल्म बहक रहे बच्चे को वापसी की राह भी दिखाती है और पिता की सोचने की क्षमता को भी स्माल से एक्सट्रा लॉर्ज की तरफ ले जाती है। 

एक मैसेज देने से इतर यदि आप फिल्म को सिर्फ फिल्म के नजरिए से देखते हैं तो यह एक टाइम पास कॉमेडी फिल्म है। इस फिल्म के पास पंचेज अपनी पिछली फिल्म जैसी नहीं हैं। ना ही उस तरह के सीन हैं जो आपको बाद तक हंसाएं। फिल्म का फर्स्ट हॉफ अपेक्षाकृत धीमा है लेकिन इसकी भरपाई सेकेंड हॉफ बेहतर तरीके से करता है। अपने समकालीन अभिनेताओं में इरफान का कद शायद सबसे ऊंचे मुकाम पर है। इरफान कैंसर से पीड़ित हैं। फिल्म में इरफान के पेस और रिफलेक्‍शन को देखकर महसूस किया जा सकता है कि वह वाकई बीमार हैं। निर्देशक होमी अदजानिया की यह खूबी है कि बीमार होने की वजह से उनके स्लो हो जाने को वह अपने किरदार को गढ़ने में लगा लेते हैं। 

इरफान की जोड़ी दीपक डोबरियाल के साथ कमाल की है। वैसे जोड़ीदार के रुप में दीपक, माधवन के साथ और इरफान नवाज के साथ बहुत बेहतर भूमिकाएं कर चुके हैं। बावजूद इसके यह फिल्म इस बात के लिए भी याद की जाएगी कि इन दोनों की जोड़ी परदे पर किस उच्च स्तर वाली कॉमिक जुगलबंदी करती है। राधिका ने बहुत सारे टीवी सीरियल किए हैं लेकिन मैंने उन्हें सिर्फ इसके पहले विशाल भारद्वाज की फिल्‍म पटाखा में देखा था। इस फिल्म के जरिए राधिका अपनी रेंज दिखाती हैं। बाप-बेटी के दृश्य उन्होंने अच्छे किए हैं। करीना कपूर, डिंपल कपाड़िया, रणवीर शौरी के लिए अलग से कहने लायक कुछ भी नहीं हैं पर यह सबको ही लगता है कि काश पंकज त्रिपाठी को थोड़ा रोल और मिलता....

Monday, March 2, 2020

थप्पड़ मारने से ज्यादा बुरा है उसके लिए अपराधबोध ना होना है


किसी चीज का अपराधबोध होने के लिए उस चीज का पहले अपराध बनना जरुरी है। पुरुष बिरादरी के बहुत सारे अपराध इसलिए अपराध नहीं कहलाते क्योंकि समाज उन कामों को अपराध नहीं बल्कि पुरुषों की पहचान के तौर पर आइडेंटीफाई कर देता है। जब अपराध ही नहीं तो अपराधबोध कैसा। 'थप्पड़' की कहानी अपराध होने से ज्यादा अपराधबोध ना होने की कहानी है।

फिल्म में जिस शाम अम्‍मू(तापसी पन्नू) को भरी महफिल में पति विक्रम (पैवल गुलाटी) द्वारा थप्पड़ मारा जाता है उसी शाम की खत्म होती रात में वह पार्टी के लिए अस्त व्यस्त हुए फर्नीचर को ठीक करती है। फर्श पर फर्नीचर घिसटने की आवाजों से उसकी सास बाहर आती है। बहू से बिना किसी संबोधन के कहती है कि "सुनीता के आने का इंतजार कर लेती, उसकी मदद से करती"। सुनीता उस घर की नौकरानी का नाम है। कुछ घंटे के बाद पति सोकर उठता है। शराब के हैंगओवर से उसे सरदर्द है। वह नौकरानी से सरदर्द की दवा मांगता है। अम्मू से थप्पड़ की बात वह भी नहीं करता। यहां एक मर्द और एक औरत। एक पति की पेशे में है दूसरी सास के पेशे में। थप्पड़ मारे जाने की उस घटना में दोनों की प्रतिक्रियाएं एक जैसी हैं। इस घटना का अलग ना लगना, इसे यूं ही भुला देना बताता है कि हमें 'थप्पड़' फिल्म की जरुरत क्यों हैं। बाकी यह फिल्म समाज के जिस तबके तक पहुंच पाएगी वहां के बारे में ऐसा कह सकते हैं कि घरेलू हिंसा कम से कम उन हिस्सों से विदा हो चुकी है।

पितृसत्ता की ओट में पुरुष द्वारा किए गए अपराध कई बार इसलिए अपराध नहीं लगते क्योंकि इनकी मान्यता उस वर्ग द्वारा दी जाती है जिन पर ये अपराध हो रहे होते हैं। थप्पड़ मारना अपराध नहीं है, थप्पड़ मारने को अधिकार मानना और उसके लिए अपराधबोध ना होना अपराध है। थप्पड़ तब अपराध नहीं है जब सामने वाला भी पलटकर उसी अधिकार से आपको मार सके। थप्पड़ का मारा जाना यदि म्यूचुअल नहीं है तो फिर ये अपराध है। थप्पड़ मारने की ताकत को जेंडर के नजरिए से देखा जाना अपराध है। यदि यह ताकत दोनों के पास समान है तो फिर ‌‌थप्पड़ में कोई बुराई नहीं है। थप्पड़ का अधिकार शायद जैविक अधिकार भी है। मां और बाप अपने बच्चों को थप्पड़ मार सकते हैं ले‌किन एक पति और पत्नी जो कि विधिक रुप से एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं वह ऐसा नहीं कर सकते।

अनुभव सिन्हा की यह फिल्म किसी एक घटना की वजह से बड़ी नहीं होती। बल्कि यह इसलिए बड़ी होती है क्योंकि वह छोटी-छोटी तमाम उन बातों को अंडरलाइन करती है जिन्हें समाज सोचने को तो दूर उन पर नजर रखने के लायक नहीं समझता। वह छोटे-छोटे समझौते जो एक स्‍त्री हर दिन, हर घंटे, हर मिनट करती रहती है अनुभव उसकी डिटेलिंट पुरुष और स्‍त्री दोनों के नजरिए से अलग-अलग करते हैं। वह चीजों को सही गलत बताए बिना तटस्‍थ होकर देखते हैं, ताकि दोनों के पक्ष खुलकर सामने आ सकें। निर्देशक कई जगहों पर एक आम इंसान बनकर चीजों को देखने का प्रयास करते हैं। ताकि एक बड़े वर्ग का नजरिया उसमें शामिल हो सके।

फिल्म में ‌थप्पड़ की उस घटना को यदि कोर्ट कचहरी की लीगल चीजों से दूर हटाकर सिर्फ उस घटना की प्रतिक्रियाओं को समाज के नजरिए से देखें तो पाएंगे कि हर किसी को अम्मू का रिएक्‍शन थप्पड़ की मुख्य घटना से ज्यादा आपत्तिजनक और ओवर स्टीमेटेड लगता है। इन हर किसी में पुरुष भी हैं और महिलाएं भी। अम्मू का भाई और मां है और विक्रम का भाई और मां भी।

अम्मू के अपने मायके लौट आने के पूरे एपीसोड को देखने से पता चलता है कि महिलाओं की ताकत और उनकी बात का वजन इसलिए कई बार कम हो जाता है क्योंकि उनके इर्द-गिर्द महिलाओं की प्रतिक्रियाएं पुरुषों से ज्यादा डिफेंसिव, परंपरावादी और पितृसत्‍ता को हवा देने वाली प्रवृति के साथ खड़ी दिखती हैं। महिलाएं ऐसा डर की वजह से नहीं करती हैं। फिल्म बताती है कि वह ऐसा अपनी परवरिश की वजह से करती हैं।

लगभग अस्सी फीसदी फिल्म किसी को विलेन नहीं बनाती। यहां तक कि थप्पड़ मारने वाले पति को भी नहीं। एक सीन में जब पति अपनी पत्नी को लेने के लिए उसके घर जाता है तो उसका व्यवहार एक अच्छे इंसान जैसा ही होता है। वह पत्नी से लड़कर अपनी महंगी कार में बैठता है। लेकिन बैक मिरर से अपने ससुर को गेट पर खड़ा हुआ देख लौटकर आकर उनके पैर छूता है। निर्देशक यहां पर यह दिखाने की कोशिश करते हैं कि विक्रम बुरा व्यक्ति नहीं है। दरअसल उसने कभी इस नजरिए से देखा ही नहीं कि पत्नी को सरेआम थप्पड़ मारना उसके अधिकार के बाहर की चीज है।

आखिरी की बीस फीसदी हिस्से में फिल्म अपने लिए खुलकर खलनायक खोजती है। कोर्ट में लगाए गए आरोप। बच्चे की कस्टडी जैसे सीन फिल्म के हीरो को एक सहज पुरुषवादी व्यक्ति से निकालकर एक बुरे व्यक्ति की तरफ ठकेलते हैं। आखिरी के हिस्से में अपनी बात कहने का यह पैटर्न अनुभव की पिछली फिल्मों मुल्क और आर्टिकल 15 में भी दिखता है। एक छोटे से मोनोलॉग में तापसी उस घटना पर सबकी चुप्‍पी पर वाजिब प्रश्न उठाती हैं जो प्रश्न उस रात से उस घर में तैर रहे होते हैं।

फिल्म को पति-पत्नी के नजरिए के साथ-साथ दोनों मांओं के नजरिए से भी देखने की जरुरत है। ये किरदार रत्ना पाठक शाह और तन्वी आजमी ने शानदार तरीके से किए हैं। अनुभव की पिछली फिल्मों की तहर कुमुद मिश्रा लजवाब हैं। एक पिता-पुत्री के दिलचस्प रिश्ते को वह बहुत सहज तरीके से जीते हैं।

अपने सिनेमाई पुर्नजन्म के बाद अनुभव की यह तीसरी फिल्म है। मुल्क और आार्टिकल 15 की तुलना में थप्पड़ सिनेमाई रुप से 19 फिल्म है। 19 इसलिए कि यह थोड़ी लंबी है और फिल्म के पास उतनी घटनाएं और उपकथाएं नहीं हैं। बावजूद इसके थप्पड़ एक जरुरी तौर पर देखी जानी वाली फिल्म है। यह एक ऐसी फिल्म है जिसे पत्नी अपने पति और सास के साथ देखने जाएं।




Saturday, February 22, 2020

फिल्म चाहती है कि आप हंसते हुए घर जाएं, इसमें वह सफल होती है...


गे और लेस्बियन हमारे समाज में अब तक हंसी, उपेक्षा या फुसफुसाहट भर का ही फुटेज बटोर पाए हैं...

हम या तो उन पर रहम करते हैं/ रिस्पेक्ट देते हैं या फिर उन्हें अजीब निगाहों से घूरकर खुद को उनसे दूर कर लेते हैं। हम उनके साथ सहज नहीं होतें। ये बर्ताव देश के मेट्रो सिटीज का है। टू टायर या थ्री टायर सिटी में ऐसे लोगों की अभी शिनाख्त ही नहीं हो पाई है। यदि वहां पर ये (गे पढ़ें) किसी प्रदर्शनी में रख दिए जाएं तो लोग उनको देखने के लिए आएंगे। उनके साथ सेल्फियां लेंगे और रिश्तेदारों को फारवार्ड करेंगे।

गे रिलेशनशिप पर बनी फिल्म 'शुभ मंगल ज्यादा सावधान' समाज के इस नजरिए से खुद को बहुत दूर नहीं करती। वह इस रिलेशनशिप को मान्यता देती है लेकिन उनके साथ एक दूरी बनाकर। फिल्म जानती है कि सुप्रीम कोर्ट ने इस रिश्ते को भले ही गैरकानूनी ना करार दिया हो लेकिन यह रिश्ता अभी भी समाज में गैर सामाजिक ही है।


हम कितना भी लिबरल क्यों ना बन लें लेकिन यह दृश्य स्वीकार्य नहीं कर पाएंगे कि कोई भाई अपनी बहन की शादी में घर आया हो और जयमाल स्टेज के ठीक सामने वह उसके जैसे दिखने वाले किसी पुरुष के साथ मिनटों तक लिपलॉक करता रहे। फिल्म में यह सीन एक कॉमिक सीन की तरह ट्रीट किया गया है। इस सीन का असर आप पर गहरा या गंभीर ना हो इसलिए इसके इर्द-गिर्द बहुत सारे फनी डायलॉग क्रिएट किए गए हैं। ताकि आप हंसते रहें और आपको यह लगे ही न कि ऐसा सच में हो सकता है। यह सीन वैसा ही है कि मानों कोई कड़वी दवा पिलाने के लिए उसे बहुत मीठे शर्बत में घोल दिया जाए। फिर उसकी फीलिंग शर्बत जैसी ही हो, दवा जैसी नहीं।

शुभ मंगल ज्यादा सावधान फिल्म की नियत अच्छी है। नियत अच्छी इसलिए कि क्योंकि यह खुद को एक मनोरंजक फिल्म बनाकर आपका मनोरंजन करना चाहती है। सा‌थ में वह चाहती है कि गे या लेस्बियन रिलेशनशिप के साथ आप सहज हो जाएं। फिलहाल वह आपको सिर्फ सहज करना चाहती है, इस विषय पर लेक्चर या ज्ञान बिल्कुल नहीं देना चाहती। फिल्म का 95 फीसदी हिस्सा कॉमिक सीन और कॉमिक डायलॉग से भरा हुआ है। कई सारी उपकथाएं और पात्र फिल्म में इसलिए डाले गए हैं ताकि आप हर समय इन गे किरदार और उनकी मोहब्बत में ही न उलझे रहे। वह आपको ना तो 'अलीगढ़' जैसा टेंशन देना चाहती है और ना ही उनकी जिंदगी में आपको वैसे ही खुलकर घुसने देना चाहती है।


आयुष्मान खुराना की लीड रोल वाली इस फिल्म में लीड रोल दरअसल गजराज राव करते हैं और सेकेंड लीड नीना गुप्ता और मनुरिषी मिलकर। फिल्म उन्हीं की दुनिया को उन्हीं के नजर‌िए से देखने का प्रयास करती है। एक मां-बाप, चाचा-चाची का नजरिया। एक सामाजिक इंसान का समाज में रहने का नजरिया। फिल्म के पास ऐसे सीन गिनती के हैं जहां प्रेम में उलझे दोनों गे किरदार सहज रुप से आपस में अपनी बात कह रहे हों। वे या तो दर्शकों के लिए लंबे मोनोलॉग करते हैं या फिर समाज के दकियानूस होने की दुहाईयां देते हैं। बचे हुए समय में वह कुछ ऐसे स्टंट करते हैं ताकि आपका हंसी-ठट्टा होता रहे। फिल्म कई जगहों पर डिप्लोमैटिक तरीके से इस चीज को हैंडल करने का प्रयास करती है। वैसे ही जैसे अश्वस्‍थामा मर गया लेकिन हाथी..


फिल्म में सबने अच्छा अभिनय किया है। आयुष्मान खुराना बहुत अच्छे अभिनेता हैं। उनके पास मिडिल क्लास के लड़के की समस्याओं को दिखाने की एक लंबी फिल्मी रेंज है। वह सभी में खरे हैं। लेकिन इस फिल्म में वह और उनके मोनोलॉग कैरिकेचर पात्र जैसे लगने लगते हैं। सीन बुरे नहीं हैं लेकिन लगता है कि आयुष्मान ड्रीम गर्ल, बधाई हो या बाला के सेट से उठकर आए हैं और इस विषय पर आपको जागरुक करना चाहते हैं।

टीवीएफ फेम जीतेंद्र कुमार उर्फ जीतू भईया का फिल्मी डेब्यू अच्छा है। (गॉन केश जैसी विलुप्त फ़िल्म को माईनस करके चले तो) लेकिन जो लोग उन्हें टीवीएफ से जानते हैं वह पाएंगे कि जीतू भईया पिचर, कोटा फैक्ट्री में जो कर चुके हैं यह फिल्म उसके नीचे की चीज है। वो सालों पहले अर्जुन केजरीवाल का माइल स्टोन किरदार कर चुके हैं।

फिल्म की सबसे बड़ी खूबी उसकी लिखावट है। फिल्म में बहुत सारे वन लाइनर हैं। ज्यादातर मनु के हिस्से आए हैं। वह कमाल के हैंन। मनु सच में बेहद उम्दा अभिनेता हैं। 'ओए लकी लकी ओए' के बाद उन्हें इस फिल्म में जी भरकर काम मिला है। उनकी बीवी का किरदार कर रहीं Sunita Rajwar भी कमाल करती हैं। फिल्म के निर्देशक हितेश कैवल्य की पीठ इस बात के लिए भी बार-बार थपथपाई जानी चाहिए कि उन्होंने डबल मीनिंग की संभावना वाले इस विषय पर फिल्म को कहीं हल्की या छिछली नहीं किया।

ताजमहल के कुछ हिस्से अच्छे हैं और बाकी किसी पुरानी इमारत की नकल जैसे...


'यह गलतफहमी है कि लड़के सेक्स में इंन्ट्रेसटेड होते हैं और लड़कियां प्यार में, We like men with good bodies and good looks'...

अपने ट्रेलर के पहले सीन में लड़की से यह डायलॉग बुलवाकर 'ताजमहल 1989' नाम की वेब सीरिज एक खास तरह के ऑडियन्स को दाना डालने का काम करती है। पर यह सिर्फ एक रैपर है। रैपर खोलने पर फिल्म ऐसी नहीं निकलती।फिल्म का मिजाज ना तो सेक्स संबंधों को लेकर लिबरल हो रहे समाज को अंडर लाइन करता है और ना ही नाम के अनुरूप यह कोई पीरियड प्रेम कहानी है।

'घोस्ट स्टोरी', जमताड़ा: सबका नंबर आएगा' के बाद 'ताजमहल 1989' नेटफ्लीक्स ओरिजनल की इस साल की तीसरी इंडियन वेब सीरिज है। 'ताजमहल' साल 1989 के भारत को लखनऊ विवि कैंपस में कैमरा रखकर उसके इर्द-गिर्द बन रही सोसाइटी को देखने को कोशिश करती है। फिल्म अपने साथ कई उपकथाएं बुनती है जिसके सिरे आपस में यूनीविर्सटी कैंपस में आकर जुड़ते हैं। ताजमहल एक तरह का फ्लैशबैक का सिनेमा भी है, खासकर उनके लिए जो 90 के दशक को खुद से बहुत कनेक्ट करते हैं। 2020 में बैठकर 1989 को देखना सुखद लगता है, लेकिन इस पर बनावटी होने का इल्जाम भी लग सकता है।

1989 और उसके बाद का वह भारत जब बीजेपी देशभर में राम मंदिर बनाने के लिए रथयात्रा निकाल रही थी, विहिप घर-घर जाकर लोगों से मंदिर के लिए एक ईंट देने की मुहिम पर थी, आरक्षण पर समाज खेमे में बंट चुका था, कश्मीर से कश्मीरी पंडित भगा दिए गए थे, बाबरी ढह गई थी, मुंबई सहित देश भर में दंगे भड़क चुके थे, उस दौर की यह फिल्म दो ऐसे अधेड़ शादीशुदा जोड़ों की रोमांटिक जिंदगी दिखाती है जहां एक की बीवी मुसलमान है तो दूसरे का शौहर। फिल्म का वह सीन फिल्‍म की टोन सेट करताा है जब मुसलमान शौहर अपने हिन्दू फादर इन लॉ को फोन पर सलाम बोलता है, उसके अगले ही पल खुद को करेक्ट करके प्रणाम कह देता है। दोनों ही जोड़ों को ना तो मंदिर जाते दिखाया जाता है और ना ही मस्जिद। जो सेक्युलर शब्द इन दिनों लगभग देशद्रोही के पैरलल आकर खड़ा हो गया है, फिल्म के तमाम सारे दृश्य हिंदुस्तान के उसी सेक्युलर जामे की पहचान कराते हैं। फिल्म में मिया-बीवी अनबन तलाक तक आ जाती है लेकिन उनके बीच धर्म या उसके निर्वाह करने का तरीका कभी नहीं आता।

मुसलमान शौहर(अख्तर बेग) और हिंदू पत्नी(सरिता) के ये रोल नीरज काबी और गीतांजलि कुलकर्णी बहुत ही सुंदर ढंग से निभाते हैं। नीरज से आप 'तलवार', 'सेक्रेड गेम्स', 'शिप ऑफ थीसिस' के मार्फत परिचित हैं और गीतांजलि को आप मराठी की चर्चित फिल्म 'कोर्ट' और ‌हिंदी फिल्‍म 'फोटोग्राफ' से याद कर लेंगे। अख्तर लखनऊ विवि में फिलॉसफी पढ़ाते हैं और बीवी फिजिक्स। टेस्ट और इंटलैक्ट लेवल पर दोनों अलग-अलग खड़े हैं। दोनों के शौक और प्रियॉरिटी भी मैच नहीं करते। बात करने के लिए उनके पास कॉमन टॉपिक नहीं होते हैं। पर एक जमाने में शौहर ने बीवी के लिए एक कॉपी भर के शायरियां लिखी थीं। और होने वाले ससुर के कहने पर फिलॉसफी में मास्टर भी किया था..

इस कहानी का एक और सिरा अख्तर के हिंदू दोस्त(सुधाकर मिश्रा) और उनकी मुसलमान बीवी(मुमताज) की तरफ खुलता है। ये रोल दानिश हुसैन और शीबा चड्ढा करते हैं। इन दोनों से आप वाकिफ हैं। मिश्रा, विवि में फिलॉसफी के गोल्ड मेडलिस्टि रहे हैं लेकिन अब पिता जी की सिलाई की पुस्तैनी दुकान चलाते हैं। फिल्म के सबसे अच्छे सीन इन दोनों दोस्तों की मुलाकातों और उनके दरम्यान होने वाली बातचीत में निकलकर आते हैं। ओल्ड मॉक की कभी क्वार्टर तो कभी अध्‍धा रम दोनों स्टील के गिलासों में प्लास्टिक के जग से पानी भर-भर के खत्म करते हैं। चारपाई के बीचो-बीच रखी नमकीन की प्लेट एक किरदार की तरह होती है। इन्हीं निजी पलों में मिश्रा, अख्तर को बताते हैं कि उनकी बीवी अब तक उनकी बीवी नहीं हुई हैं और वह उन्हें लखनऊ के एक कोठे में मिली हैं। शादी करने की हिम्मत फिर भी अब तक नहीं आई है।

फिल्म की बाकी कथाएं विवि की राजनीति, उनमें पनपने वाले अफेयर, उनके धोखे और छल की कहानियां हैं। ये फिल्म के कमजोर हिस्से हैं। कमजोर इसलिए कि इससे मिलती जुलती ढेरों कहानियां आप सिनेमा में देख चुके हैं। कॉलेज कैंपस के बहुत सारे सीन, एक अफेयर का दूसरे में शिफ्ट हो जाना आपको प्रकाश झा के बैनर की फिल्म 'दिल दोस्ती ईटीसी' और अनुराग की फिल्म 'गुलाल' की याद दिला सकते हैं। नेटफ्लिक्स ओरिजनल सीरिज की किसी फिल्म की कहानी या स्किप्ट किसी हिंदी फिल्म से प्रेरित लगे तो यह नेटफ्लीक्स ओरिजनल के पूरे कॉनसेप्ट पर ही प्रश्न खड़ा करता है।


वेब सीरिज की कुछ बातें इसके पक्ष में जाती हैं। पहला कलाकारों का अभिनय। पुराने कलाकारों के अलावा जिन नए चेहरों को मौका‌ मिला है उनके चेहरे पर नए होने की जल्दबाजी नहीं दिखती है। कई टीवी ऐड में दिखने वाली अंशुल चौहान प्रभावित करती हैं। फिल्म की सिनेमेटोग्राफी अच्छी है। कैमरा कई अच्छी चीजों को कैप्‍चर करता है। छोटे-छोटे दृश्य तब बड़े हो जाते हैं, जब कैमरा ठहरकर उनमें दिलचस्पी दिखाता है।, लेकिन वह तब गलतियां भी कर देता है जब 1989 में मेट्रों लाइन का एक पुल एक दृश्य में दिख जाता है। फिल्म की मजबूती उसके डायलॉग भी हैं। पति और पत्नी के बीच होने वाली बातचीत को बहुत सलीके से लिखा गया है जहां ह्यूमर अपने शबाब पर है। कुछ अवधी बोली के संवाद भी हैं, वह कच्चे हैं।

सात एपीसोड की यह सीरिज कहीं से यह संकेत नहीं देती कि इसका सीक्वल आने की कोई संभावना है। फिल्म का सबसे सपाट एपिसोड आखिरी है। एक लड़की को अगवा करने और उसे आगरा से छुड़वा लेने की एक बचकानी कहानी ये बताती है कि निर्देशक पुष्पेंद्र नाथ मिश्रा के पास दिखाने के लिए उस समय का परिवेश था, पात्र भी थे लेकिन उसके समांनतर एक उम्दा कहानी नहीं थी। आप सिनेमा कैसा भी बनाए, आपके पास उसे खत्म करने की एक कहानी जरुर होनी चाहिए..

फिल्म बताती है क‌ि राम गोपाल वर्मा कोई भी बन सकता है, इम्तियाज अली भी

लव आजकलः 2 देखकर लगता है कि यह फिल्म इम्तियाज अली की है ही नहीं। यह उनके किसी फिल्मी फैन की है। उसने बीती कुछ रातों में इम्तियाज की सारी फिल्में देखीं। उनके नोट्स बनाए। किरदारों की फिलॉसिफी नोटिस की, जिंदगी जीने का उनका पैटर्न नोटिस किया। और फिर उन्हीं की एक कहानी और टाइटिल उठाकर फिल्‍म बना दी। मानो वह इम्तियाज को खुश करना चाह रहा हो। जैसे पीएचडी करने वाला कोई स्टूडेंट अपने गाइड को उसकी पुरानी बातें बताकर खुश करे...

अली की यह फिल्म बचकानी तो बनी ही है, उधारी की भी है। 'सोचा ना था से लेकर हैरी मेट सेजल' तक की तमाम सारी फिलॉसफी और सीन फिल्म में सीधे और घुमा फिराकर अप्लाई कर दिए गए हैं। पात्रों में 'रॉकस्टार, तमाशा, लव आजकल' की झलक मिलती है। लगता है कि इस फिल्म के किरदार भी उसी स्कूल ऑफ थॉट से निकलकर आए हैं। किरदारों का कन्फयूजन इम्तियाज के सिनेमा की ताकत होती है, वह ताकत इस बार बड़ी प्रीडिक्टेबल भी हो गई है और थोड़ी मासूम भी। 'सिनेमा में इश्क, जीवन में इश्क और करियर में इश्क' के जिस अजीब संतुलन को साधकर इम्तियाज सालों चले हैं वह इस फिल्म से फिसलकर उनके हाथ से जाता दिखता है।


लव आजकल 2 का प्लाट इसकी मूल फिल्म वाला ही है। दो कहानियां पैरलल चला करती हैं। एक का समय 1990 का है और दूसरे का 2020 का। पिछली फिल्म की तरह ही दोनों के मेल किरदार एक ही हीरो निभाता है। इस बार वो काम कार्तिक आर्यन ने किया है। पुरानी कहानी उस कैफे के मालिक की ही है जिसके यहां ये किरदार मिल रहे होते हैं। रिषी कपूर को रणदीप हुडडा रिप्लेस करते हैं तो दीपिका पादुकोण को सारा अली। मूल ताने-बाने के अलावा जो अलग है वो हैं 'इश्क की रुकावटें'। इश्क के मुकम्मल हो जाने से पहले जो हर्डेल फिल्म में दिखाए गए हैं वह दरअसल निर्देशक का यूटोपिया जान पड़ते हैं।


इश्क और करियर के बीच में किसी को चुनने जैसा दोराहा आमतौर पर जिंदगी में होता ही नहीं है। पहले कभी रहता रहा होगा। अब नहीं होता। किसी से इश्क कर लेने के बाद करियर खत्म नहीं होता और करियर बनने के प्रोसस में इश्क कर लेना करियर के साथ में बेवफाई नहीं मानी जाती। ऐसा नहीं होता कि आदमी जिंदगी में कुछ साल सिर्फ करियर बनाए और कुछ साल सुबह से उठकर शाम तक सिर्फ इश्क करे। ये वैसा ही है जैसा शिंकजी में पहले चीनी चबा ली जाए, फिर पानी पी लिया जाए और आखिरी में नीबू चाट लिया जाए। सबकुछ एकसाथ एक समय में मिलकर ही शिंकजी बनती है। इश्क आपकी लाइफस्टाइल है, आपकी लाइबेल्टी नहीं कि दिन रात उसके बारे में सोचा जाए और उसे हर दिन सही तरीके से न कर पाने पर गिल्ट हो।

शादी के लिए करियर से कंप्रोइज करने जैसी बातें दस-बीस साल पहले की सोसाइटी में होती थीं। अभी भी होती हैं। पर अब लोअर मिडिल क्‍लास में भी लड़की की नौकरी तब तक नहीं छूटती जब तक लड़की खुद ऐसा ना चाहे। जिस अर्बन अपरक्लास की कहानी इम्तियाज कहते हैं वहां का समाज तो बहुत पहले ही इन चीजों को तिलांजलि दे चुका है।

एक सीन में जोई बनी सारा अली खान अपने प्रेमी के मां-बाप से ‌मिलने से पहले इसलिए अपसेट हो जाती हैं क्योंकि उन्होंने पिछले कुछ दिनों से अपने करियर के साथ कंप्रोमाइज किया होता है। इश्क की वजह से। उन्होंने उस कंपनी के ऑफर लेटर का मेल डिलीट किया होता है जिस कंपनी में काम करना उनके लिए सपने जैसा होता है। उनके दिमाग में उनकी मां की बातें गूंज रही होती हैं। मां, अफेयर में अपने करियर को छोड़ चुकी होती हैं और बाद में वह पाती हैं कि उन्होंने गलती की थी। फिल्म की प्रॉब्लम ये है कि फिल्म के किरदार के इस तरह के बचकानेपन की फिलॉसिफी पर खड़े हैं और फिल्‍म उन्हें जस्टीफाई करती है। जैसे फ़िल्म मानती है कि इश्क में आदमी पहले दिन से ही पूरा का पूरा आए। इश्क करने और वाशिंग मशीन की गारण्टी में कुछ तो फर्क होना ही चाहिए।


इम्तियाज यहां पर 'इंसान की पर्सनाल्टी के अनुसार उसके काम के चुनाव' वाला फंडा भी आजमाना चाहते थे। वो तमाशा में इसे खुलकर पहले खेल चुके हैं। लेकिन वह इस फ़िल्म में भी अपने किरदार में इस फिलॉसफी की एक हल्की लेयर लगाना चाह रहे थे। वह अपनी पुरानी वाली लव आजकल में 'करियर फर्स्ट या अफेयर' वाला टेम्पलेट रखते हुए किरदारों में तमाशा का वेद और रॉकस्टार का जॉर्डन भी इत्र की तरह छिड़कना चाहते हैं। पिछली फिल्मों में आज़माएँ गए नुस्खों को वे यहां फाइनल टच में मेकअप किट की तरह यूज़ करते हैं। किरदारों की यह खिचपिच उनकी नई पर्सनाल्टी बनने से उन्हें रोक देती है। जोई, वीर और उनकी बातें, इम्तियाज की पिछली फिल्मों की पायरेटेड कॉपी की फिलिंग कराते रहते हैं।


फिल्म के बहुत सारे संवाद दर्शन से भरे हुए हैं, वो बुरे नहीं है लेकिन उन्हें ढोने के लिए सारा अली का मेकअप से पुता चेहरा कई बार जवाब दे देता है। वह बात कहती तो हैं लेकिन उस बात के वजन को जीती नहीं है। वह, शायद रणवीर सिंह से बहुत कॉपी करती हैं और मानती हैं कि हर सीन सिर्फ एनर्जी और अग्रेसिव तरीके से करने से ही अच्छा बन सकता है। वो रोने वाले दृश्यों में भी बहुत एनर्जी से रोती हैं। रोहित शेट्टी और साजिद खान को उन पर निगाह रखनी चाहिए। वो डांस भी बहुत बढ़िया करती हैं। वो एबीसीडी के सीक्वल में भी प्रभु देवा के काम आ सकती हैं। कार्तिक, उनकी तुलना में बेहतर करते हैं और हुड्डा उनसे बेहतर..


इम्तियाज अपनी हर फिल्म में एक किस्म का हयूमर साथ लेकर चलते हैं। वह कोई कॉमेडी नहीं होती है। किरदारों की बातचीत और डायलॉग में इतना बारीक और क्लासी हास्य छिपा होता है वह उस सीन को लाज़वाब कर देता है। इस फिल्म में वैसी चीजें सिरे से नदारद है। फिलॉसिफी के साथ-साथ इम्तियाज की फिल्में छोटे-छोटे किरदारों को स्टेबलिस करती हैं। जब वी मेट का होटल सीन, पानी की बोतल वाला सीन, रॉकस्टार में कुमुद और पीयूष मिश्रा का किरदार, तमाशा में फिर से पीयूष का किरदार, हाइवे में रणदीप के साथ रहने वाले छोटे-छोटे किरदार आपके जेहन में सालों तक बने रहते हैं। इस फिल्म से वह सबकुछ गायब है।

सिनेमा में ऐसे ढेरों किस्से पड़े हैं जब एक तमाम सक्षम निर्देशक एक समय के बाद चुक गए हैं या खाली हो गए हैं। अपने तमाम प्रयासों के बाद उन्होंने या तो खुद को रिपीट किया है या फिर ऐसे जोन में घुसने का प्रयास करता है जो उनका होता ही नहीं।

राजकुमार संतोषी, सुभाष घई या राम गोपाल वर्मा इसके अच्छे उदाहरण है। इम्तियाज अली की एक अच्छी फैन फालोइंग हैं। दर्शक उन्हें अभी से राम गोपाल की कैटेगेरी में नहीं देखना चाहते, पर हैरी मेट सेजल के बाद ये फ़िल्म एक फिल्मकार के तौर पर उनके खाली होने की कहानी कहना शुरू कर चुकी है....

मलंग जैसी फिल्में आप भी बना सकते हैं, यदि आपके घर पर मिक्सर हो तो


मलंग फिल्म बनाने की रेसिपी समझ लीजिए। ये बेहद आसान है। फिर इसे आप घर बैठे कभी भी बना सकते हैं, अपने लिए, अपने रिश्तेदारों के लिए...

'सिनेमा शेक' बनाने वाला एक मिक्सर ग्राइंडर लीजिए। एक छोटी कटोरी में रिवेंज स्टोरी अपने पास रख लीजिए। एक बड़े बाऊल में मीडियम स्पून भरके ,किल बिल, हेट स्टोरी, गजनी को बराबर मात्रा में उसमें डालिए। अवैध संबंध, नाजायज संबंध, नामर्द जैसी महेश भट्ट की फिलॉसिफी के छोटे-छोटे टुकड़े उसमें मिलाइए। फिर स्वादानुसार उसमें बेडरुम सीन, गोवा, गोवा के बीच, सनसेट, उसकी लेट नाइट पार्टियां, ड्रग्स, बियर, बिकनी, खारा पानी, पानी में किस, बिस्तर में किस, कार में किस, किचन में किस, रेत में किस और पहाड़ में किस सीन डालकर देर तक फेटिए। फिर उसे एक बर्तन में ढक दीजिए। फूलने दीजिए। अब एक फ्राई पेन में दो रोमांटिक सॉन्ग, एक पार्टी सॉन्ग और मिथुन की आवाज में एक सैड सॉन्ग को धीमी आँच में पकाइए। फिर इन सारी सामग्री को मिक्सर में डाल दीजिए। मिक्सर चलाइए। मलंग तैयार। 'जिंदगी मिलेगी न दोबारा' और 'एक विलेन' की गार्निशिंग करके मेहमानों को गरमा गरम परोसिए...

मोहित सूरी की मलंग एक ऐसा ही बकवास किस्म का शेक है जिसका अपना कोई टेस्ट नहीं है। यह तमाम हिंदी फिल्‍मों के प्लॉट, सीन और थीम को कॉपी करने वाली फिल्म है। मलंग भले ही भट्ट कैंप की फिल्म नहीं है लेकिन 'भट्ट की छाया' फिल्‍म में दिखती है। मोहित सूरी का पूरा करियर विशेष फिल्‍मस के लिए फिल्म बनाते हुए बीता है। इसलिए एक नए बैनर के बाद भी इस फिल्म में भट्ट कैंप का अक्स साफ नजर आता है। ना सिर्फ दृश्यों को फिल्माने में बल्कि किरदारों की लेयर्स दिखाने में भी।

रिश्तों को लेकर फिल्म उन्हीं फिलॉसिफी के गुब्बारे उड़ाती है जो महेश भट्ट की पहचान है। फिल्‍म के किरदार अल्ट्रामॉर्डन होते हैं। लेकिन हीरोईन के प्रेग्नेंट होने की खबर मिलती ही उसके अंदर माला सिन्हां या वैजयंती माला स्टाईल वाली हीरोइन जाग उठती है। वह एकदम से बदल जाती है। उधर कल रात तक हर तरह के नशे का आदी बेरोजगार किंतु बॉडी बिल्डर हीरो ये खबर सुनते ही अगली सुबह से राज कपूर या राजेंद्र कुमार बन उठता है। वो हीरोइन के पेट को बहुत ध्यान से देखता है, उसकी आंखें डबडबा आती हैं। उसी पल वो तय करता है कि अब वह एक अच्छा आदमी बनेगा। फिर उसे नशे के पाउडर को एटीएम कार्ड से पतली पतली लाइनें बनाते हुए नहीं दिखाया जाता। काम वो फिर भी नहीं करता।


फिल्म के साथ समस्या यही है कि उसकी अपनी कोई आत्मा नहीं है। उसके किरदार अपने नहीं हैं। वह उधार के किरदारों और कहानी वाली फिल्म लगती है। मूल रुप से रिवेंज पर आधारित इस फिल्म का ज्यादातर भाड़े का है। ओरिजनल रुप से इसके पास जो कहानी है वह बचकानी है। विश्वास में ना आने वाली। कनेक्‍ट ना करने वाली।

मलंग फिल्म आदित्य राय कपूर को उनके उस खोल से जरूर निकालती है जो वह पिछले कुछ फिल्मों से उन्होंने पहन रखा था। ट्रेलर में बहुत कन्वे‌न्‍सिंग लगने वाली दिशा पाटनी बागी 2 का एक्सटेंशन लगती हैं। पीड़ित, सताई हुई। अनिल कपूर और कुणाल खेमु का किरदार जरूर इन दोनों से बेहतर लिखा गया है। लेकिन फिल्‍म इतनी स्टीरियोटाइप है कि कुणाल जैसे सक्षम अभिनेता के पास बहुत मौके नहीं थे। अगर आपने मलंग का ट्रेलर देख रहा है तो आप चाहें तो इसे छोड़ सकते हैं...ट्रेलर ही काफी है...